अल्मोड़ा। लंबी जद्दोजहद के बाद भाजपा हाइकमान ने नगर निगम के मेयर प्रत्याशी पर अपनी मुहर लगा दी है। अपने सभी प्रतिद्वंदियों को पीछे छोड़ संघ और संगठन में गहरी पैठ रखने वाले अजय वर्मा पार्टी का टिकट लाने में सफल रहे। टिकट मिलते ही चल रही सभी अटकलबाजियों पर भी विराम लग गया है।
नगर निगम बनने के बाद पहली बार हो रहे चुनाव में इस बार मेयर का पद अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षित किया गया था। भाजपा हाइकमान ने मेयर प्रत्याशी पद पर पार्टी के वरिष्ठ नेता अजय वर्मा के नाम की घोषणा कर दी है। विनम्र स्वभाव के अजय वर्मा की संघ और संगठन के बीच गहरी पैठ मानी जाती है। पार्टी में उनकी सक्रियता को देखते हुए उन्हें यह ईनाम मिला है।
मेयर पद के लिए भाजपा में टिकट के दावेदारों की लंबी लिस्ट थी। टिकट ना मिलता देख भाजपा के एक कार्यकर्ता भैरव गोस्वामी ने बगावत कर कांग्रेस का भी हाथ थाम लिया है। इसके बावजूद भाजपा अजय वर्मा के साथ रही। टिकट फाइनल होने के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं में हर्ष व्याप्त है। वर्मा 30 दिसंबर को अपना नामांकन कराएंगे।


